नई दिल्ली, देश के आठ राज्यों से 19 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान जारी है। गुजरात में चार सीटों के लिए हो रहे चुनाव में पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजापा ने तीन और कांग्रेस ने दो सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। इसी बीच माना जा रहा है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विधायक कांधल जाडेजा ने आखिर अपनी मनमानी करते हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा के समर्थन में मत डाल दिया। गांधीनगर विधानसभा में मतदान के बाद वे गुजरात के खाध्य राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह जाडेजा के साथ कार में सवार होकर निकले। इसलिए भी कांधल की इस बात पर विश्वास करना मुश्किल है कि एनसीपी के व्हीप के मुताबिक ही उन्होंने मतदान किया है। ऐसे में कांग्रेस के दूसरे उम्मीदवार की जीत काफी मुश्किल लग रही है।
भाजपा ने राज्यसभा के जारी मतदान के दौरान पूर्व सांसद भरतसिंह परमार को भारतीय ट्राइबल पार्टी (BTP) के प्रमुख B विधायक छोटूभाई वसावा के पास भेजकर अपनी रणनीति का आखिरी पत्ता चला है। दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद माना जा रहा है कि बीटीपी खुलकर भाजपा के समर्थन में आ सकती है। परमार ने भी इस मुलाकात के बाद बीटीपी का समर्थन भाजपा के पक्ष में होने का दावा किया है।
– मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह राज्यसभा की एक सीट के लिए अपना वोट डालने के लिए राज्य विधानसभा पहुंचे। राज्य में नौ विधायकों के इस्तीफे के बाद भाजपा की गठबंधन सरकार अल्पमत में आ गई है। ऐसे में यहां चुनाव रोचक हो गया है।
– आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी ने अमरावती स्थित राज्य विधानसभा में राज्यसभा चुनाव के लिए के लिए अपना वोट डाला। राज्य की चार राज्यसभा सीटों के लिए मतदान जारी है। यहां सत्तारूढ़ वाइएसआर कांग्रेस के चारों सीटों पर जीत हासिल करने के आसार हैं।
– भाजपा विधायक बिरंची नारायण ने कहा कि निर्दलीय विधायकों सरयू राय और अमित यादव ने भाजपा को अपना समर्थन दिया है और हमें 2 अन्य विधायकों का समर्थन मिलने की उम्मीद है। रांची में राज्य विधानसभा की 2 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान जारी है। दीपक प्रकाश यहां से भाजपा के उम्मीदवार हैं। कांग्रेस की तरफ से शहजादा अनवर और झामुमो के शिबू सोरेन उम्मीदवार हैं।
कौन कहां से उम्मीदवार
गुजरात से चार सीटों के लिए भाजापा ने तीन उम्मीदवारों अभय भारद्वाज, रमिला बारा और नरहरि अमीन को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने दो सीटों पर शक्ति सिंह गोहिल और भरत सिंह सोलंकी को टिकट दिया है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस और भाजपा के दो-दो उम्मीदवार हैं। भाजपा ने पूर्व कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुमेर सिंह सोलंकी को टिकट दिया है। कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह और फूल सिंह बरैया को टिकट दिया है।
कर्नाटक में चार सीटों पर उम्मीदवारों ने निर्विरोध जीत हासिल की
राजस्थान में तीन सीटों के लिए दो कांग्रेस और दो भाजपा ने उम्मीदवार उतारे हैं। कांग्रेस ने केसी वेणुगोपाल और नीरज डांगी को टिकट दिया है। वहीं भाजपा ने राजेंद्र गहलोत और ओंकार सिंह लेखावत को मैदान में उतारा है।आंध्रप्रदेश से राज्यसभा के लिए चार सीटों पर चुनाव के लिए पर्याप्त संख्या रहने के कारण सत्तारूढ़ वाइएसआर कांग्रेस के चारों सीटों पर जीत हासिल करने के आसार हैं। कर्नाटक में चार सीटों पर पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, भाजपा उम्मीदवार इरन्ना कडाडी और अशोक गस्ती पहले ही निर्विरोध जीत दर्ज कर चुके हैं।
मणिपुर में रोचक मुकाबला
मणिपुर में नौ विधायकों के इस्तीफे के बाद बाद एन बीरेन सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा की गठबंधन सरकार अल्पमत में आ गई है। ऐसे में यहां चुनाव रोचक हो गया है। यहां भाजपा ने लेसिम्बा सानाजाओबा और कांग्रेस ने टी. मंगी बाबू को उम्मीदवार बनाया है।
[OK]