नई दिल्ली,-सुशांत सिंह राजपूत ने अपने लगभग सात साल के फ़िल्मी करियर में अपनी पहचान एक मेहनती, काबिल और उभरते हुए सितारे के रूप में बना ली थी। फ़िल्मों में उनकी अदाकारी को ख़ूब सराहा गया। अगर फ़िल्म पसंद भी नहीं आयी तो भी सुशांत की एक्टिंग क्षमता पर कभी सवाल नहीं उठे। अपने छोटे से करियर में सुशांत ने 11 फ़िल्मों में काम किया, जिनमें से काय पो चे, एमएस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी, केदारनाथ और छिछोरे जैसी सफल फ़िल्में शामिल हैं। सुशांत का ट्रैक रिकॉर्ड बताता है कि वो लम्बी रेस के लिए बने थे। हालांकि इस दौरान कुछ ऐसी फ़िल्में भी आयीं, जो सुशांत को ऑफ़र तो हुईं, मगर वो कर नहीं सके। इनमें से कुछ हिट रहीं।
ऐसी ही एक फ़िल्म है संजय लीला भंसाली की गोलियों की रासलीला राम लीला। इस फ़िल्म में रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ने मुख्य भूमिकाएं निभायी थीं, मगर टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार यह फ़िल्म सबसे पहले सुशांत को ऑफ़र की गयी थी। मगर, डेट की समस्या के कारण वो नहीं कर सके। सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि संजय लीला भंसाली ने सुशांत को समय-समय पर चार फ़िल्में ऑफ़र की थीं, मगर एक को लेकर भी बात नहीं बनी।
2017 में सुशांत सिह राजपूत को लेकर जासूसी फ़िल्म RAW का एलान किया गया था। इसके पोस्टर पर भी सुशांत नज़र आये थे। सुशांत ने सोशल मीडया में इसे शेयर भी किया था, मगर बिज़ी शेड्यूल की वजह से वो रॉबी ग्रेवाल निर्देशित फ़िल्म नहीं कर सके। ख़बरें यह भी आयी थीं कि सुशांत ने इसके लिए लिया गया साइनिंग अमाउंट भी लौटा दिया था। बाद में जॉन अब्राहम ने फ़िल्म में मुख्य भूमिका निभायी। फ़िल्म 2019 में रिलीज़ हुई थी।
निर्देशक अभिषेक कपूर ने सुशांत को काय पो चे से बड़े पर्दे पर मौक़ा दिया था। इसके बाद उन्होंने फितूर में उन्हें कास्ट करने की कोशिश की थी। मगर, जब फ़िल्म शुरू होने में वक़्त लगने लगा तो सुशांत को यह छोड़नी पड़ी। 2013 में सुशांत की ओर से जारी एक स्टेटमेंट में कहा गया था- ”सुशांत फितूर नहीं कर रहे हैं। इस फ़िल्म के लिए सुशांत ने अपनी डेट्स दे दी थीं और ख़ुद को खाली रखा था। फ़िल्म अक्टूबर 2013 से मार्च 2014 के लिए शिफ्ट हुई, और अब जुलाई 2014 तक शुरू होगी। इसकी वजह से पानी को दी गयी तारीख़ों से क्लैश हो रहा है। इसलिए फितूर छोड़नी पड़ रही है। उन्हें उम्मीद है कि अभिषेक के साथ आगे किसी प्रोजेक्ट पर ज़रूर काम करेंगे।” बाद में अभिषेक ने फ़िल्म में आदित्य रॉय कपूर को कास्ट किया था।
निर्देशक मोहित सूरी की फ़िल्म हाफ़ गर्लफ्रेंड भी सुशांत को छोड़नी पड़ी थी। हाफ़ गर्लफ्रेंड के राइटर चेतन भगत ने सोशल मीडिया में सुशांत के नाम का एलान किया था। रिपोर्ट के अनुसार, मोहित सूरी से सुशांत ने अपने घर बिहारी एक्सेंट में बात भी की थी, जिससे मोहित काफ़ी प्रभावित हुए थे। फ़िल्म का मुख्य किरदार माधव झा बिहार से दिखाया गया था। सुशांत ने यह फ़िल्म सम्भवत: निर्माता दिनेश विजन की फ़िल्म राब्ता के लिए छोड़ी थी। बाद में अर्जुन कपूर और श्रद्धा कपूर ने हाफ़ गर्लफ्रेंड में मुख्य भूमिकाएं निभायी थीं।