कुरुक्षेत्र : देश के पूर्व गृहमंत्री एवं पंजाब के पूर्व राज्यपाल शिवराज पाटिल ने सोमवार को सेक्टर सात स्थित श्री सत्य साईं सेवा केंद्र में पहुंचकर पूजा अर्चना की। इस दौरान उन्होंने साईं बाबा से आशीर्वाद लिया। शिवराज पाटिल पिछले 40 वर्षों से श्री सत्य साईं बाबा के अनुयायी रहे हैं और उनका श्री सत्य साईं बाबा के प्रति अगाध श्रद्धा है। इसी सेवा भावना के मद्देनजर सोमवार को शिवराज पाटिल ने अपने बेटे शैलेस के साथ श्री सत्य साईं सेवा मंदिर में सांय की साईं संध्या में भाग लिया।उन्होंने संकीर्तन में भाग लिया और मंगल आरती की।
शिवराज पाटिल ने श्री सत्य साईं सेवा संगठन की ओर से संचालित स्कूल बाल विकास के बच्चों से भी मुलाकात की। जिला अध्यक्ष राधेश्याम गर्ग ने श्री सत्य साईं सेवा केंद्र कुरुक्षेत्र में चल रही सेवा कार्यों के बारे में शिवराज पाटिल को अवगत कराया। शिवराज पाटिल श्री सत्य साईं सेवा मंदिर मे चल रही गतिविधियों से काफी प्रभावित हुए। उन्होंने काफी समय श्री सत्य साईं सेवा संगठन के सदस्यों के बिताया।
श्री सत्य साईं सेवा संगठन के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य सुभाष धीर, प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. आरबी खरब, सदस्य ट्रस्ट पीएस तंवर, समिति संयोजक नरेंद्र शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सुरेश यूनिसपुर, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष विनोद गर्ग व अन्य साईं भक्तों ने शिवराज पाटिल का वहां पहुंचने पर स्वागत किया।